शुक्रवार, 17 मार्च, 2006 को 04:48 GMT तक के समाचार
लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की हत्या के मामले की जाँच कर रहे संयुक्त राष्ट्र के मुख्य जाँचकर्ता ने कहा है कि सफलतापूर्वक जाँच को पूरा करने के लिए सीरिया से और सहयोग मिलना ज़रूरी है.
इस मामले में संयुक्त राष्ट्र के मुख्य जाँचकर्ता सर्जी ब्रामर्ट्ज़ ने सुरक्षा परिषद को बताया है जाँच का काम उम्मीद से ज़्यादा तेज़ी से हो रही है.
उनका कहना था कि उन्हें बताया गया है कि वे अगले महीने सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद से मिल पाएँगे.
लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक़ हरीरी की बेरूत में एक बम विस्फोट में लगभग एक साल पहले हत्या हो गई थी और पिछले महीने उनकी याद में हज़ारों लोग मध्य बेरूत में जमा हुए थे.
पिछले साल लेबनान में सीरिया के सैनिकों की मौजूदगी के ख़िलाफ़ हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद, सीरिया की सेना को लगभग तीस साल के बाद लेबनान से हटने पर मजबूर होना पड़ा था.
आजकल चल रही संयुक्त राष्ट्र जाँच से पहले इसी मामले में जाँच कर रहे संयुक्त राष्ट्र के मुख्य जाँचकर्ता देत्लेव मेहलिस इस फ़ैसले पर पहुँचे थे कि सीरियाई गुप्तचर अधिकारी इस मामले में दोषी हैं.
उन्होंने सीरिया पर जाँच के काम में सहयोग न करने के भी आरोप लगाए थे. सीरिया इस मामले में अपना हाथ होने से इनकार करता आया है.