सोमवार, 13 मार्च, 2006 को 19:00 GMT तक के समाचार
आर्थिक सहयोग और विकास सगंठन ओईसीडी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि शिक्षा और हुनर के मामले में यूरोप एशिया से पिछड़ता जा रहा है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन में लोगों को कम कीमत पर हुनर सीखाए जाते हैं और वो भी बेहद तेज़ गति से.
वहीं रिपोर्ट में जर्मनी और फ़्रांस जैसे देशों की शिक्षा प्रणाली की आलोचना की गई है.
रिपोर्ट के लेखक एंड्रीयास ने कहा है कि पीछे छूट रहे देशों को शिक्षा में और निवेश करना होगा.
उन्होंने दक्षिण कोरिया की भी ख़ास तौर पर प्रशंसा की है. साठ के दशक में दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय आय मैक्सिको जैसे देशों से भी कम थी.
पर आज वहाँ 25 से 34 वर्ष के उम्र के 97 फ़ीसदी लोगों ने उच्च शिक्षा हासिल की है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि यूरोप में सामाजिक-आर्थिक भेदभाव होता है और अमीर तबके के लोगों के पास शिक्षा के ज़्यादा मौके हैं जबकि निचला तबका इससे वंचित रह जाता है.
रिपोर्ट के लेखक के मुताबिक यूरोप में शिक्षाविद भी अपना रवैया बदलने को तैयार नहीं है.
लेखक के मुताबिक अगर यूरोप को विश्न में प्रतिस्पर्धा में बने रहना है तो उसे शिक्षा पर विशेष ज़ोर देना होगा और अपनी शिक्षा प्रणाली को लचीला और कुशल बनाना होगा.