http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 10 मार्च, 2006 को 01:36 GMT तक के समाचार

अमरीकी सेना अबू ग़रेब जेल छोड़ेगी

इराक़ में अमरीकी सेना ने कहा है कि वह देश में बंदियों को रखने का स्थान अब ग़रेब जेल से हटाकर कहीं और बनाने की योजना बना रही है.

एक अमरीकी प्रवक्ता ने कहा है कि बग़दाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक बंदीगृह बनाया जा रहा है जिसे कैंप क्रोपर नाम दिया गया है.

सद्दाम हुसैन का शासन समाप्त होने के बाद से अबू ग़रेब जेल का प्रबंध अमरीकी सेना के हाथों में रहा है और इस जेल में बंदियों के साथ दुर्व्यवहार के मुद्दे ने काफ़ी तूल पकड़ा है.

2003 में अबू ग़रेब जेल के बंदियों के साथ अमानवीय बर्ताव की तस्वीरों ने दुनिया भर में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया.

अमरीकी प्रवक्ता ने गुरूवार को कहा कि अबू ग़रेब जेल से बंदियों को कहीं और स्थानांतरित करने की योजना पर काफ़ी समय से विचार किया जा रहा था.

प्रवक्ता के अनुसार कैंप क्रोपर में जब नया बंदीगृह बन जाएगा तो अबू ग़रेब जेल में रखे गए बंदियों को वहाँ भेज दिया जाएगा.

उसके बाद अबू ग़रेब जेल का प्रबंधन इराक़ी न्याय मंत्रालय को सौंप दिया जाएगा. अबू ग़रेब जेल में इस समय लगभग 4500 बंदी हैं.

इन बंदियों में सामान्य अपराधों के अभियुक्त और विद्रोही गतिविधियों में शामिल होने के अभियुक्त भी शामिल हैं.