बुधवार, 08 मार्च, 2006 को 05:11 GMT तक के समाचार
ग्यारह सितंबर के हमलों के सिलसिले में फ्रांसीसी नागरिक ज़करियास मुसावी के मुकदमे में सरकारी वकीलों ने कहा है उन्होंने अल क़ायदा के प्रशिक्षण के अनुसार ग्यारह सितंबर के हमलों की विस्तृत जानकारी छिपाई.
अमरीका पर ग्यारह सितंबर को हुए हमलों के मामले में एक मात्र अभियुक्त हैं और उन्हें सज़ा सुनाए जाने की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हुई.
अमरीका के वर्जीनिया प्रांत में चल रहे मुक़दमे में सरकारी वकील ने ये साबित करने की कोशिश की कि वे जानबूझकर चुप रहे और जो तीन हज़ार लोग इन हमलों में मारे गए, उसके लिए वे ज़िम्मेदार हैं.
उधर मुसावी के वकील का कहना था कि अमरीकी गुप्तचर सेवा एफ़बीआई को 9/11 के हमलों के बारे में मुसावी से ज़्यादा पता था.
मुसावी को ग्यारह सितंबर के हमलों से कुछ दिन पहले ही गिरफ़्तार किया गया था और उन्होने माना कि वे अल क़ायदा के सदस्य हैं और षड्यंत्र रचने के छह आरोपों में भी उन्होंने अपना दोष माना.
लेकिन उनका कहना था कि वे ग्यारह सितंबर को हुए हमलों में शामिल नहीं थे लेकिन अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय पर हवाई हमलों के एक षड्यंत्र में शामिल थे.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि मुसावी को आजीवन कारावास या फिर मौत की सज़ा सुनाई जा सकती है.