बुधवार, 08 मार्च, 2006 को 09:27 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक मिनीबस में 18 लोगों के शव मिले हैं जिन्हें गोली मारी गई थी या गला दबा दिया गया था.
बताया गया है कि गश्त करते हुए सुरक्षाकर्मियों को ये बस शहर के अमिरिया और ख़दरा ज़िलों में पड़ी हुई मिली.
अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों के हाथ बंधे थे और उनकी आँखों पर भी कपड़ा था.
इराक़ में पिछली 22 फ़रवरी को समारा में एक शिया मज़ार पर हमले के बाद से हिंसा में अचानक तेज़ी आ गई है.
अभी ये तो पता नहीं है कि जो शव बरामद हुए हैं उसके पीछे कारण क्या है लेकिन इसके पूर्व में इस प्रकार से शवों का मिलना शिया-सुन्नी संघर्ष का हिस्सा रहा है.
अमिरिया नाम के जिस इलाक़े में शव मिले हैं वह पश्चिमी बग़दाद का बाहरी इलाक़ा है जहाँ सुन्नी अरबों की आबादी अधिक है.
पुलिस का कहना है कि शवों के साथ किसी तरह के ऐसे काग़ज़ आदि नहीं मिले हैं जिनसे उनकी पहचान हो सकती हो.
मगर कुछ रिपोर्टों में बताया गया है कि शवों में से दो लोग विदेशी अरब लग रहे थे.
यार्मूक अस्पताल के कुछ सूत्रों ने समाचार एजेंसी एपी को बताया है कि शवों को देखकर लगता है कि उनकी मौत हाली ही में हुई है जिनमें दो को गोली मारी गई जबकि बाक़ी का गला दबाया गया.
मारे गए लोगों ने सादे कपड़े पहने हुए थे और उनमें कुछ युवा थे तो कुछ अधेड़.