http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 मार्च, 2006 को 13:07 GMT तक के समाचार

ईरान पर आईएईए की महत्वपूर्ण बैठक

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की वियना में हो रही महत्वपूर्ण बैठक में ईरान के विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम पर विचार किया जा रहा है.

एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद अल बरादेई ने बैठक की शुरूआत करते हुए ईरान परमाणु विवाद में सभी पक्षों से बातचीत के ज़रिए समाधान ढूँढने की अपील की.

उन्होंने कहा कि इस विवाद का अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता पर दूरगामी असर पड़ सकता है.

बरादेई ने कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि मामले का कूटनीतिक हल निकाला जा सकेगा.

अंतरराष्ट्रीय सहमति पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा, "यह क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़ा विवाद है और पूरे मध्य पूर्व की क्षेत्रीय सुरक्षा दाँव पर है."

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि ईरान संयुक्त राष्ट्र के निरीक्षकों को थोड़ा सहयोग दे रहा है, लेकिन ईरानी परमाणु कार्यक्रम के पूर्ण आकलने के लिए और पारदर्शिता की ज़रूरत है.

आईएईए की सोमवार को शुरू बैठक में ईरान के ख़िलाफ़ संभावित प्रतिबंधों के लिए उसके परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा सुरक्षा परिषद में भेजा जा सकता है.

तीखे बयान

इस बीच संयुक्त राष्ट्र में अमरीकी प्रतिनिधि जॉन बोल्टन ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताओं को नहीं समझा तो उसे गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है.

बोल्टन ने कहा, "ईरान के शासन को ये समझाना होगा कि अगर उसने अंतरराष्ट्रीय सोच से अलग-थलग रहने के रास्ते पर चलना जारी रखा तो उसे इसके गंभीर और दर्दनाक नतीजे झेलने पड़ सकते हैं."

उधर ईरान के मुख्य वार्ताकार अली लारीजानी ने दोहराया है कि ईरान शांतिपूर्ण परमाणु शोध पर अपना अधिकार त्यागने को तैयार नहीं है.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माँग ये है कि ईरान अपना यूरेनियम संवर्धन का काम न करे, जबकि ईरान का कहना है कि परमाणु कार्यक्रम उसका संप्रभु अधिकार है जिसे वह नहीं छोड़ेगा.

अली लारिजानी ने कल फिर ईरान का पक्ष दोहराया और कहा, "अगर ईरान का मसला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भेजा गया तो ईरान यूरेनियम संवर्धन का काम फिर शुरू करेगा. इसलिए हमारी सलाह है कि ये रास्ता न चुना जाए."