http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 03 मार्च, 2006 को 08:06 GMT तक के समाचार

फ़लस्तीनी प्रशासन ने राशि लौटाई

अमरीका ने कहा है कि फ़लस्तीनी प्रशासन ने वह ज़्यादातर धनराशि लौटा दी है जो अमरीका ने उसे सहायता के रूप में दी थी और यह भी कहा है कि हमास के सरकार बनाने के समय तक बाक़ी राशि भी लौटा दी जाएगी.

ग़ौरतलब है कि अमरीका हमास को चरमपंथी संगठन मानता है इसलिए उसने कहा था कि अगर हमास फ़लस्तीनी प्रशासन में सरकार बनाता है तो सहायता राशि वापिस कर दी जानी चाहिए.

मध्य पूर्व के लिए अमरीकी दूत डेविड वेल्श ने कांग्रेस को बताया है कि कुल पाँच करोड़ डॉलर में से लगभग तीन करोड़ डॉलर की राशि फ़लस्तीनी प्रशासन ने वापस कर दी है.

वेल्श ने कहा कि अमरीका हमास को कोई सहायता राशि नहीं देगा, चाहे वह सरकार में रहे या नहीं.

संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, अमरीका और रूस हमास पर दबाव डाल रहे हैं कि वह हिंसा का रास्ता छोड़ दे और इसराइल के अस्तित्व के अधिकार को मान्यता दे.

ग़ौरतलब है कि हमास इसराइल के अस्तित्व को मान्यता नहीं देता.