http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 28 फ़रवरी, 2006 को 20:27 GMT तक के समाचार

बग़दाद में बम धमाकों में 60 की मौत

इराक़ की राजधानी बग़दाद में मंगलवार को हुए धमाकों में कम से कम 60 लोग मारे गए हैं, जबकि 175 से ज़्यादा अन्य घायल हो गए हैं.

ताज़ा बम धमाके मुख्यत: शिया बहुल इलाक़ों में हुए हैं.

एक धमाका एक शिया मस्जिद के पास हुआ जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 अन्य घायल हो गए.

शिया बहुल करडा इलाक़े में भी एक कार बम फटा. इस धमाके में छह लोगों की मौत हो गई जबकि 18 अन्य घायल हो गए.

इराक़ के कारण हमलों का ख़तरा बढ़ा

न्यू बग़दाद नाम से जाने जाते राजधानी के पूर्वी इलाक़े में भी दो ज़ोरदार बम विस्फोट हुए.

एक पेट्रोल पंप पर एक आत्मघाती हमलावर द्वारा किए गए धमाके में चार लोग मारे गए.

इनके अलावा अन्य कई धमाकों में बग़दाद में दर्जनों लोगों की मौत हुई.

बुश ने निंदा की

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इराक़ में चली हिंसा की ताज़ा लहर की निंदा करते हुए कहा है कि इराक़ियों को अव्यवस्था और एकता में से किसी एक का चुनाव करना होगा.

बुश ने कहा, "इराक़ी लोग और नेता दो में से एका का चुनाव करें- अव्यवस्था या एकता. चुनें मुक्त समाज और बुरे लोगों द्वारा निर्देशित समाज में से एक का."

इस बीच इराक़ी सरकार ने कहा है कि समारा में अल-अस्करी मज़ार पर 22 फ़रवरी को हुए हमले के बाद से इराक़ में 379 लोग हिंसा में मारे गए हैं, जबकि 458 अन्य घायल हो गए हैं.

सरकार ने वाशिंग्टन पोस्ट अख़बार में छपे आँकड़े का खंडन किया जिसमें इस दरम्यान 1300 इराक़ियों के मारे जाने की बात कही गई है.