सोमवार, 27 फ़रवरी, 2006 को 16:25 GMT तक के समाचार
इराक़ के अपदस्थ राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन ने 11 दिन से चली आ रही अपनी भूख हड़ताल "स्वास्थ्य कारणों" से समाप्त कर दी है.
सद्दाम हुसैन के मुख्य वकील ख़लील अल दुलैमी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व राष्ट्रपति का चार से पाँच किलो के बीच वज़न कम हो गया है लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा है.
सद्दाम हुसैन और उनके सहयोगियों ने कहा है कि जिस अदालत में उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा चल रहा है वहाँ उनके साथ ख़राब बर्ताव के विरोध में उन्होंने खाना-पीना बंद कर दिया था.
ग़ौरतलब है कि सद्दाम हुसैन और उनके सात सहयोगियों पर 148 लोगों की हत्या के आरोप में मानवता के ख़िलाफ़ अपराध का मुक़दमा चल रहा है.
सद्दाम हुसैन ने 14 फ़रवरी को भूख हड़ताल का ऐलान किया था. अभी यह पता नहीं चला है कि क्या उनके सात सहयोगियों ने भी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है.
सद्दाम हुसैन के ख़िलाफ़ मुक़दमा शुरू से ही विवादों में घिरा रहा है. कुछ दिन पहले मुक़दमे की सुनवाई कर रहे मुख्य जज को हटा दिया गया था.
अब इस मुक़दमे की सुनवाई 28 फ़रवरी को फिर से होगी.