सोमवार, 27 फ़रवरी, 2006 को 17:36 GMT तक के समाचार
इराक़ के प्रतिरक्षा मंत्रालय ने देश के हथियारबंद छापामारों से निपटने के लिए एक नई रणनीति की घोषणा की है.
मंत्रालय के वरिष्ठ प्रवक्ता अब्दुल अज़ीज़ जासिम ने कहा कि सेना और सुरक्षा बलों के अलावा जो भी आदमी हथियारों से लैस पाया जाएगा उसे आतंकवादी माना जाएगा.
ये घोषणा अस्करी मज़ार पर बमहमले की घटना के बाद के हालात में की गई.
सोमवार को राजधानी ब़गदाद में एक प्रैस वार्ता में मेजर जनरल जासिम ने कहा कि देश में बढ़ती हिंसा को ध्यान में रखते हुए सेना को अति सतर्कता के आदेश दिए गए हैं.
उनका कहना है कि देश के नेता इस कोशिश में लगे हैं कि भविष्य में इस तरह की घटना न हो.
उन्होंने ये भी कहा कि हथियारबंद लोगों को पकड़ कर उनसे उनके हथियार छीन लिए जाएंगे और ग़ैरकानूनी हथियार रखने वालों को आतंकवादी घोषित किया जाएगा, चाहे उनका संबंध किसी गुट से हो या न हो.
इस ताज़ा क़दम से लगता हैं कि सरकार ने देश में मौजूद बहुत से निजी सैनिकों से मुक्ति दिलाने का इरादा कर लिया है. हालाँकि इस क़दम से यह भी ख़तरा है कि इस तरह के सैन्य गुट इसका खुलकर विरोध करेंगे जिससे हिंसा और भी भड़क सकती है.