http://www.bbcchindi.com

रविवार, 26 फ़रवरी, 2006 को 07:25 GMT तक के समाचार

अब्बास ने दी पद छोड़ने की चेतावनी

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने चेतावनी दी है कि अगर हमास की नई सरकार के अंतर्गत वे ज़्यादा तनाव महसूस करेंगे तो इस्तीफ़ा दे देंगे.

टीवी चैनल आईटीवी के साथ इंटरव्यू में महमूद अब्बास ने कहा कि ऐसी स्थिति आ सकती है जिसमें वे अपना काम नहीं कर सकते.

जनवरी में हुए फ़लस्तीनी चुनाव में हमास ने जीत हासिल की थी जबकि सत्ताधारी फ़तह पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था.

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास चाहते हैं कि चरमपंथी गुट हमास हिंसा का रास्ता छोड़े और इसराइल को मान्यता दे.

एजेंडा

आईटीवी के साथ इंटरव्यू में महमूद अब्बास ने कहा कि अगर वे शांति प्रक्रिया के एजेंडे पर काम नहीं कर सके, तो वे अपना पद छोड़ देंगे.

अब्बास ने कहा, "अपनी धारणा के ख़िलाफ़ मैं यहाँ बैठा नहीं रह सकता. अगर मैं कुछ कर सका तो मैं पद पर बना रहूँगा अन्यथा पद छोड़ दूँगा."

महमूद अब्बास जनवरी 2005 में चार साल के लिए फ़लस्तीनी प्रशासन के नेता चुने गए थे. दो सप्ताह के अंदर हमास की नई सरकार इस्माईल हानिया के अधीन सत्ता संभालने वाली है.

वॉशिंगटन पोस्ट के साथ इंटरव्यू में इस्माईल हानिया ने कहा है कि हमास इसराइल को मान्यता देने के लिए तैयार है लेकिन उसे फ़लस्तीन को अलग राष्ट्र का दर्जा देना होगा.

उन्होंने कहा, "अगर इसराइल ये घोषणा करता है कि वह फ़लस्तीनी लोगों के लिए अलग राष्ट्र देने और उनके सारे अधिकार लौटने को तैयार है, तो हम इसराइल को मान्यता देने के लिए तैयार हैं."

हमास इस समय संघर्ष विराम का पालन कर रहा है. लेकिन 2001 में शुरू हुए दूसरे इंतिफ़ादा के बाद से उसने इसराइल के ख़िलाफ़ क़रीब 60 आत्मघाती हमले किए हैं.