http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 21 फ़रवरी, 2006 को 07:13 GMT तक के समाचार

स्ट्रॉ का राष्ट्रीय सरकार बनाने का आह्वान

ब्रिटेन के विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ ने इराक़ी नेताओं से जातीय, धार्मिक या किसी राजनीतिक समूह के प्रभाव से मुक्त होकर एक राष्ट्रीय सरकार बनाने का आह्वान किया है.

इराक़ की यात्रा पर गए जैक स्ट्रॉ ने बग़दाद में इराक़ी राष्ट्रपति जलाल तालबानी से मुलाक़ात के बाद ये बात कही.

उन्होंने कहा कि दिसंबर में इराक़ में हुए संसदीय चुनाव से ये पता चलता है कि वहाँ किसी एक समूह की सत्ता नहीं चल सकती.

स्ट्रॉ ने कहा कि इराक़ी मतदाता एक ऐसी सरकार चाहते हैं जो समाज के सभी वर्गों को एक साथ मिलाकर चल सके.

जैक स्ट्रॉ ने कहा,"इराक़ को आज़ाद करानेवाली ब्रिटेन जैसी अंतरराष्ट्रीय शक्तियो के लिए इराक़ में लोकतंत्र और स्थिरता होने से लाभ होगा".

पिछले कुछ हफ़्तों में जैक स्ट्रॉ की ये दूसरी इराक़ यात्रा है. उनके दौरे का उद्देश्य इराक़ में गठबंधन सरकार के निर्माण में धीमी प्रगति के बारे में इराक़ी नेताओं से बातचीत था.

सरकार गठन के प्रयास

इराक़ में संसद के लिए चुनाव पिछले साल दिसंबर में हुए थे जिसमें शिया गठबंधन को सबसे अधिक सीटें मिली थीं.

लेकिन वह बहुमत के आँकड़े से पीछे थे जिसके कारण सरकार बनाने के लिए सुन्नी और कुर्द दलों की सहायता चाहिए थी.

मगर सरकार में भूमिका को लेकर तीनों गुटों में सहमति नहीं हो पा रही.

शिया नेताओं का कहना है कि उन्होंने 275 में से 130 सीटें जीती हैं इसलिए महत्वपूर्ण मंत्रालय उनको मिलने चाहिए.

लेकिन सुन्नी नेता ऊपर को पद लेना चाहते हैं और गृह मंत्रालय में शिया लड़ाकों के नियंत्रण को समाप्त करना चाहते हैं.

बंदियों के साथ दुर्व्यवहार

इराक़ी राष्ट्रपति ने ब्रितानी मंत्री से मुलाक़ात के दौरान दक्षिणी इराक़ में ब्रितानी सेना के काम की सराहना की.

हालाँकि पिछले दिनों ऐसे चित्र प्रकाशित किए गए थे जिनमें ब्रितानी सैनिकों को इराक़ी नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करते दिखाया गया था.

जैक स्ट्रॉ ने इस बारे में कहा कि किसी भी लोकतंत्र में सुरक्षाबलों के हाथों इसतरह के दुर्व्यवहार की घटनाओं को पूरी तरह से समाप्त नहीं किया जा सकता.

उन्होंने बताया कि ब्रिटेन सरकार इन घटनाओं के बारे पूरी जाँच कर रही है.