मंगलवार, 21 फ़रवरी, 2006 को 16:20 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक बाज़ार में एक शक्तिशाली कार बम धमाका हुआ है जिससे कम-से-कम 21 लोग मारे गए हैं और 25 से अधिक घायल हो गए हैं.
इस धमाके का निशाना गश्ती लगा रहे पुलिसकर्मी थे. लेकिन निशाना चूक गया. अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि हताहतों की संख्या और अधिक हो सकती है.
ये हमला ऐसे समय हुआ है जब ब्रिटेन के विदेशमंत्री जैक स्ट्रॉ बग़दाद में हैं.
एक दिन पहले ही बग़दाद में एक बस पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें कम-से-कम 12 इराक़ी मारे गए थे.
शिया बाज़ार
इराक़ी पुलिस के अनुसार धमाका अल दौरा इलाक़े में हुआ.
अल दौरा बग़दाद में सबसे ख़तरनाक इलाक़ों में गिना जाता है.
इराक़ मे 2003 में सुन्नियों की ओर से चरमपंथ की शुरूआत के बाद से वहाँ आए दिन बम हमले होते रहे हैं.
धमाके के कारण कई गाड़ियों और दूकानों में आग लग गई है.
सबसे अधिक प्रभाव अबू दशीर बाज़ार पर पड़ा है जहाँ अधिकतर शिया लोगों की दूकानें हैं.
पुलिस का कहना है कि विस्फोट करने के लिए रिमोट कंट्रोल का इस्तेमाल किया गया.
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारे गए लोगों में से कुछ लोग ऐसे थे जो उस समय गाड़ियों से गुज़र रहे थे.