गुरुवार, 16 फ़रवरी, 2006 को 00:41 GMT तक के समाचार
अमरीका के उपराष्ट्रपति डिक चेनी ने कहा है कि शिकार के दौरान अपने एक साथी पर ग़लती से गोली चला देने के मामले में वे पूरी ज़िम्मेदारी स्वीकार करते हैं.
पिछले शनिवार को हुई इस घटना को लेकर उनपर दबाव बढ़ता जा रहा था और चार दिन बाद पहली बार उन्होंने इस बारे में कोई प्रतिक्रिया दी है.
चेनी ने पत्रकारों से कहा,"आख़िरकार मैं ही वह व्यक्ति हूँ जिसने बंदूक चलाई जिससे हैरी को गोली लगी और इसमें हैरी का कोई दोष नहीं है ना ही किसी और का. मैंने गोली चलाई जिससे मेरे मित्र घायल हो गए और ये ऐसी घटना है जिसे मैं कभी नहीं भूल सकता."
डिक चेनी के साथ ये घटना शनिवार को टेक्सास राज्य में घटी जब वे शिकार पर थे और ग़लती से उन्होंने अपने एक मित्र पर ही गोली चला दी.
घायल होनेवाले 77 वर्षीय हेनरी व्हिटंगटन को मंगलवार को दिल का हल्का दौरा पड़ा था जिसके बाद उनको गहन चिकित्सा कक्ष में ले जाया गया.
घटना के अगले ही दिन डिक चेनी घायल मित्र को अस्पताल देखने गए थे और उन्होंने मंगलवार को उनसे फ़ोन पर भी बात की थी.
आलोचना
उल्लेखनीय है कि इस घटना की जानकारी को व्हाइट हाउस ने एक दिन बाद तक छिपाए रखा.
जब अमरीकी सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हैरी रीड ने बुश प्रशासन पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाया तभी इसे सार्वजनिक किया गया.
इस घटना के बाद डिक चेनी ने भी तीन दिन तक कोई बयान नहीं दिया था जिसके कारण चेनी और व्हाइट हाउस की आलोचना हो रही थी.
घटना
हैरी विटिंगटन दुर्घटना के समय डिक चेनी के साथ टेक्सास के आर्मस्ट्रांग रैंच पर शिकार कर रहे थे.
रैंच की मालिक कैथरिन आर्मस्ट्रांग ने बताया था कि डिक चेनी एक पक्षी पर गोली चलाने के लिए मुड़े लेकिन पक्षी के बजाए विटिंगटन पर गोली चल गई.
पेशे से वकील हैरी विटिंगटन के सीने, गर्दन और गाल पर गोली लगी.
विटिंगटन का शुरुआती उपचार रैंच पर ही डॉक्टरों ने किया जो आम तौर पर अमरीकी उप राष्ट्रपति के साथ चलते हैं. फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया.