http://www.bbcchindi.com

हरीरी को याद करने हज़ारों लोग जमा हुए

लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक़ हरीरी की बेरूत में एक बम विस्फोट में हत्या के एक साल बाद हज़ारों लोग उन्हें याद करने के लिए मध्य बेरूत में जमा हुए हैं.

ये लोग 'मार्टेयर्स स्कवेयर' में जमा हुए हैं जहाँ रफ़ीक़ हरीरी दफ़न हैं. उन्होंने लेबनान के लाल और सफ़ेद रंग के झंडे उठाए हुए हैं.

स्कूल और दुकानें बंद हैं और जगह-जगह पर सैनिक और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

रफ़ीक़ हरीरी के पुत्र साद हरीरी को लेबनान की संसद में बहुमत का समर्थन हासिल है.

उन्होंने हरीरी की हत्या के एक साल बाद बीबीसी को बताया कि लेबनान की स्वतंत्रता और वहाँ लोकतंत्र कायम रखने का संघर्ष जारी है.

उन्होंने विश्वास जताया कि उनके पिता के हत्यारों के ख़िलाफ़ कार्रवाई होगी.

संयुक्त राष्ट्र की एक जाँच में सीरियाई अधिकारियों को हरीरी की हत्या के लिए दोषी ठहराया गया है लेकिन सीरिया इस मामले मे अपना हाथ होने से इनकार करता है.

महत्वपूर्ण है कि पिछले साल लेबनान में सीरिया के सैनिकों की मौजूदगी के ख़िलाफ़ हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद, सीरिया की सेना को लगभग तीस साल के बाद लेबनान से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा था.