http://www.bbcchindi.com

रविवार, 12 फ़रवरी, 2006 को 22:24 GMT तक के समाचार

चेनी ने एक व्यक्ति पर गोली चलाई

अमरीका के उप राष्ट्रपति डिक चेनी ने शिकार के दौरान ग़लती से एक व्यक्ति को गोली मार दी जिससे वो व्यक्ति घायल हो गया.

ये घटना शनिवार को टेक्सास में हुई.

घायल व्यक्ति का नाम हैरी विटिंगटन बताया गया है. दुर्घटना के समय हैरी डिक चेनी के साथ आर्मस्ट्रांग रैंच पर शिकार कर रहे थे.

रैंच की मालिक कैथरिन आर्मस्ट्रांग ने बताया कि डिक चेनी एक पक्षी पर गोली चलाने के लिए मुड़े लेकिन पक्षी के बजाए विटिंगटन पर गोली चल गई..

पेशे से वकील हैरी विटिंगटन के सीने, गर्दन और गाल पर गोली लगी है.

रैंच की मालिक ने कहा है कि 78 वर्षीय विटिंगटन को अस्पताल ले जाया गया है. बताया गया है कि विटिंगटन सचेत और स्थिर अवस्था में हैं.

विटिंगटन का शुरुआती उपचार रैंच पर ही डॉक्टरों ने किया जो आम तौर पर अमरीकी उप राष्ट्रपति के साथ चलते हैं.

एक प्रवक्ता के मुताबिक़ अमरीकी उप राष्ट्रपति डिक चेनी रविवार दोपहर अस्पताल में ही रहे.

स्थानीय अधिकारी मामले की जाँच कर रहे हैं.