गुरुवार, 09 फ़रवरी, 2006 को 05:07 GMT तक के समाचार
अमरीका में प्रचारक ईसाइयों ने अमरीकी सरकार को जलवायु परिवर्तन को रोकने की दिशा में ठोस कार्रवाई करने पर राज़ी करने के लिए एक अभियान चलाया है.
इस अभियान के तहत अख़बारों में पूरे पन्ने के विज्ञान छापे गए हैं, साथ ही टेलीविज़न का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.
वाशिंगटन में बीबीसी संवाददाता जस्टिन वेब का कहना है कि अमरीका में पर्यावरणवादी अभी तक जलवायु परिवर्तन के मुद्दे की गंभीरता को ठोस तरीके से पेश करने में सीमित रूप में ही कामयाब हो सके हैं.
इस ताज़ा अभियान का व्यापक असर होने की संभावना जताई गई है जिसे 80 ईसाई प्रचारक नेताओं ने मिलकर शुरू किया है.
विज्ञापनों में ईसाई नेताओं ने कहा है, "ईश्वर की मदद से हमारे बच्चों, हमारी दुनिया और ईश्वर की ख़ातिर जलवायु परिवर्तन को रोका जा सकता है."
इस हस्ताक्षर अभियान को बहुत से ईसाइयों का समर्थन हासिल है और ये लोग इस शर्त पर भी इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं कि जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए अगर अमरीका को कुछ आर्थिक बोझ भी उठाना पड़े तो उसे उठाना चाहिए.
इन नेताओं ने कांग्रेस का आहवान किया है कि वह कार्बन गैसों का उत्सर्जन रोकने के लिए ठोस कार्रवाई करे.