http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 फ़रवरी, 2006 को 08:31 GMT तक के समाचार

तैराकों के पीछे पड़ गई शार्क

ऑस्ट्रेलिया में एक तैराकी प्रतियोगिता शार्क को पसंद नहीं आई और उसने दुनिया भर के 20 तैराकों को पानी से बाहर निकलने के लिए मजबूर कर दिया.

सिडनी में एक तैराकी प्रतियोगिता हो रही थी जिसमें 20 से ज़्यादा तैराक हिस्सा ले रहे थे लेकिन तभी क़रीब तीन मीटर लंबी शार्क आ धमकी और उसने तैराकों को परेशान करना शुरू कर दिया.

ऑस्ट्रेलिया के मीडिया ने ख़बर दी है कि दस किलोमीटर यानी क़रीब छह मील लंबी यह तैराकी प्रतियोगिता बीच में ही छोड़नी पड़ी.

तैराकी प्रतियोगिता के आयोजकों का कहना है कि 21 तैराकों को नावों और हेलीकॉप्टरों के ज़रिए पानी से निकाला गया जबकि कुछ नावों ने शार्क का पीछा करके उसे भगाने की कोशिश की.

तैराकी प्रतियोगिता के निदेशक स्टीफ़न फ़ोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया के डैली टेलीग्राफ़ अख़बार को बताया, "शार्क बहुत नज़दीक आ गई थी और ऐसे में जो रास्ता बचा था वो था कि वहाँ से तुरंत भाग लिया जाए."

इस प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया के लंबी दूरी के कुछ तैराक भी शामिल थे. शार्क ने तैराकों का पीछा करना शुरू कर दिया था और उसके पखों की भयानक आवाज़ सुनाई देने लगी थी.

इस घटना से क़रीब कुछ सप्ताह पहले ब्रिसबेन में तीन शार्कों ने मिलकर एक महिला को मार डाला था.

जनवरी 2006 में क्वींसलैंड के ब्रिसबेन में एक 21 वर्षीय महिला को शार्कों ने मिलकर मार डाला था.

वर्ष 2000 के बाद से ऑस्ट्रेलियाई समुद्र में यह दसवाँ ख़तरनाक हमला है.

सितंबर 2005 में एक गोताखोर की लड़ाई एक पाँच मीटर लंबी और विशालकाय शार्क से हुई थी.