सोमवार, 06 फ़रवरी, 2006 को 03:52 GMT तक के समाचार
नई फ़लस्तीनी सरकार के गठन पर बातचीत के लिए फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट हमास के नेता मिस्र की राजधानी काहिरा में उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं.
ग़ज़ा से कई नेता काहिरा में अपने संगठन के निर्वासित नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं.
उनका मकसद फ़तह पार्टी के साथ मिलकर एक गठबंधन सरकार बनाने के संभावनाओं पर विचार करना है. लेकिन फ़तह पार्टी में इस मुद्दे पर सहयोग
करने के लिए ज़्यादा उत्साह नहीं है.
पिछले महीने हुए फ़लस्तीनी चुनाव में हमास ने फ़तह पार्टी को हराकर जीत हासिल की थी.
संभावना है कि फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास अगले दो हफ़्ते में हमास से सरकार बनाने के लिए कहेंगे.
हमास पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ओर से इसराइल को मान्यता देने और हिंसा त्यागने का दबाव है और हमास के नेता ये भी विचार करेंगे कि इन मुद्दों का सामना कैसे किया जाए.
बीबीसी संवाददाता लूसी विलियम्स के अनुसार हमास अब तक इसराइल को तबाह करने के अपने इरादे से पीछे नहीं हटा है और दूसरी ओर इसराइल के साथ-साथ कई पश्चिमी देश हमास को आतंकवादी संगठन मानते हैं.