सोमवार, 06 फ़रवरी, 2006 को 09:07 GMT तक के समाचार
लाल सागर में शुक्रवार को जहाज़ डूबने से मारे गए यात्रियों के संबंधियों ने सही सूचना नहीं मिलने से नाराज़ होकर जहाज़ की मालिक कंपनी के दफ़्तरों पर सोमवार को हमले किए हैं.
समाचार एजेंसी एपी ने ख़बर दी है कि क्रोधित संबंधियों की एक भीड़ मिस्र के सफ़ागा में अल सलाम मैरीटाइम्स कंपनी के दफ़्तर में घुस गए और सामान वग़ैरा बाहर फेंकना शुरू कर दिया.
लोगों ने दफ़्तर का फर्नीचर तोड़-फोड़ा और कुछ तस्वीरों को जला दिया. बाद में दंगा विरोधी पुलिस वहाँ पहुँची और आँसू गैस का इस्तेमाल करके स्थिति को क़ाबू में किया.
शुक्रवार को जहाज़ डूबने के बाद से लगभग 800 लोग अब भी लापता हैं.
लापता लोगों के संबंधी सूचना नहीं दिए जाने से नाराज़ हैं. जहाज़ पर लगभग 1400 लोग सवार थे.
पुलिस ने कहा है कि 400 से ज़्यादा लोगों को बचा लिया गया है और 195 शव बरामद किए गए हैं.
इस जहाज़ में गुरूवार शाम को आग लग गई थी जिसके बाद वह शुक्रवार तड़के डूब गया था.
नाराज़ संबंधियों और सुरक्षाबलों के बीच रविवार को भी सफ़ागा बंदरगाह पर झड़पें हुई है.
नाराज़ लोगों ने अपने संबंधियों के बारे में ठीक से सूचना नहीं मिलने पर नाराज़ होकर पुलिस पर पत्थर फेंके जिसके बाद पुलिस ने आँसू गैस का प्रयोग किया.
जहाज़ के यात्रियों में ज़्यादातर मिस्र के ऐसे लोग थे जो सऊदी अरब में काम करते हैं, उनके अलावा कुछ हाजी भी थे जो हज करके लौट रहे थे.