http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 03 फ़रवरी, 2006 को 20:16 GMT तक के समाचार

वेनेज़ुएला की राजनयिक को देश निकाला

अमरीका ने वेनेज़ुएला के एक वरिष्ठ राजनयिक को देश छोड़ने का आदेश दिया है.

एक दिन पहले वेनेज़ुएला ने कराकस स्थिति अमरीकी दूतावास के नौ सैनिक अधिकारी को देश छोड़ने को कहा था.

अमरीकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता सॉन मैकॉरमैक ने कहा है कि वेनेज़ुएला के वरिष्ठ राजनयिक जेनी फ़िग्वेरेडो फ़्रियास को देश छोड़ने के लिए 72 घंटे का समय दिया है.

फ़िग्वेरेडो वॉशिंगटन स्थित वेनेज़ुएला के दूतावास में चीफ़ ऑफ़ स्टॉफ़ हैं.

अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका बदले की कार्रवाई में शामिल नहीं होना चाहता लेकिन वेनेज़ुएला ने इसकी शुरुआत की है.

उन्होंने जेनी फ़िग्वेरेडो को देश के निकालने के बारे में कोई कारण नहीं दिया लेकिन उन्होंने इतना ज़रूर कहा कि 'उनका चयन सबसे उचित' था.

एक दिन पहले ही वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ ने कैप्टेन जॉन कुरिया को जासूसी का आरोप लगाते हुए देश छोड़ने का आदेश दिया था. अमरीका ने इन आरोपों को आधारहीन कहा था.

एक बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस फ़ैसले से पहले से ही दोनों देशों के बीच ख़राब संबंध और बिगड़ सकते हैं.

अमरीका और वेनेज़ुएला के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण थे. अमरीका ह्यूगो शावेज़ की वामपंथी सरकार का विरोध करता रहा है जो अमरीका की आलोचना करते रहते हैं.

अमरीका ने शावेज़ के अधीन वेनेज़ुएला में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है.