http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 28 जनवरी, 2006 को 16:33 GMT तक के समाचार

हमास ने हिंसा त्यागने की माँग ठुकराई

फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के वरिष्ठ नेता इस्माइल हानिया ने उस माँग को सिरे से ख़ारिज कर दिया है कि हमास हिंसा त्याग दे.

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने चेतावनी दी है कि हमास की जीत के बाद फ़लस्तीनी प्राधिकरण को दी जाने वाली 22.5 करोड़ डॉलर की मदद में कटौती हो सकती है.

फ़तह के नेताओं के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

इस्माइल हानिया का कहना था कि हमास पर मदद देने वाली विदेशी सरकारों की धमकियों का कोई असर नहीं होगा.

उधर हमास के नेता ख़ालेद मिशल ने कहा है कि उनके संगठन का उद्देश्य सुधार लाना, फ़लस्तीनी राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव लाना और इसराइल के ख़िलाफ़ संघर्ष जारी रखना है.

महत्वपूर्ण है कि सीरिया की राजधानी दमिश्क में रह रहे, हमास नेता ख़ालेद मिशल की इसराइल को तलाश है.

उनका कहना था कि हमास यूरोप और अमरीका के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है.

'फ़लस्तीनियों को सज़ा न दें'

हमासे के नेता ख़ालेद मिशल का कहना था कि अल्लाह ने इसराइल के ख़िलाफ़ संघर्ष में आज तक उनकी मदद की है और अल्लाह ने चाहा तो यह आगे भी जारी रहेगा और राजनीतिक व्यवस्था में परिवर्तन संभव होंगे.

फ़लस्तीनी चुनाव पर विशेष

ख़ालेद मिशल ने अपील की है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को हमास की जीत के लिए फ़लस्तीनियों को सज़ा नहीं देनी चाहिए और फ़लस्तीनी मतदाताओं के फ़ैसले का आदर करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि वो फ़लस्तीन के पुनर्निर्माण के लिए अरब और मुसलिम देशों से सहायता की उम्मीद करते हैं.

बुश की धमकी

अमरीकी राष्ट्रपति बुश ने कहा है कि अगर हमास ने अपने हथियार नहीं डाले तो अमरीका से फ़लस्तीन को मिलने वाली सहायता बंद हो जाएगी.

हमास की जीत पर अरब मीडिया

उनका कहना था, "उन्हें अपने दल के सारे हथियार डालने होंगे, हिंसा का रास्ता छोड़ना होगा. और इसराइल को नष्ट करने का संकल्प त्यागना होगा. अगर वो यह नहीं करते तो हम उनके साथ कोई संबंध नहीं रखेंगे. हम ऐसी सरकार को मदद नहीं दे सकते जो हमारे मित्र राष्ट्रों को नष्ट करने का इरादा रखती है."

मगर संयुक्त राष्ट्र में अरब लीग के राजदूत याहया महमसानी ने कहा है कि जो लोग लोकतंत्र की दुहाई देते हैं उन्हें लोकतंत्र के नतीजों को स्वीकार करना चाहिए.

उनका कहना है कि हमास की जीत लोकतंत्र का ही नतीजा है.