रविवार, 22 जनवरी, 2006 को 21:04 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस सेवा में भर्ती होने के इच्छुक उन 23 लोगों के शव मिले हैं जिनका सोमवार को अपहरण हो गया था.
राजधानी बग़दाद के पास एक खुले मैदान में इन लोगों के शव मिले जिससे पता चला कि इन्हें गोलियाँ मारकर इनकी हत्या की गई है.
ये लोग उन 50 लोगों में शामिल थे जो पुलिस प्रशिक्षण स्कूल में भर्ती नहीं हो पाए थे और बस से समारा नगर वापस जा रहे थे जब उनका अपहरण हो गया था.
पुलिस का मानना है कि पिछले हफ़्ते जिन 13 लोगों के शव मिले थे वे भी इन्ही 50 लोगों में से थे.
उधर इराक़ में जारी हिंसा में बालाद रूज़ नगर में एक पुलिस अधिकारी के चार बच्चे तब मारे गए जब विद्रोहियों ने उनके घर पर रॉकेट से चलाए जाने वाले ग्रेनेड से हमला किया.
एक अन्य घटना में चार पुलिसकर्मी बाक़ूबा नगर में गश्त लगाते हुए बम हमले का शिकार हो गए.