http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 जनवरी, 2006 को 18:50 GMT तक के समाचार

जॉर्जिया ने रूस पर गंभीर आरोप लगाए

जॉर्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साक्शविली ने रूस पर आरोप लगाया है कि उसने जॉर्जिया की गैस पाइपलाइनों को विस्फोट का निशाना बनाया है जिससे देश को मिलने वाली गैस की आपूर्ति बंद हो गई है.

जॉर्जिया की एक-चौथाई बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई है. राष्ट्रपति साक्शविली का कहना था कि रूस से जॉर्जिया को आने वाली एक बड़े बिजली के तार को तड़के उड़ा दिया गया.

उनका कहना था कि दो गैस पाइपलाइनों में भी एक साथ धमाके हुए.

लेकिन रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में राष्ट्रपति साक्शविली के बयान को एक तरह की मूर्छा में की गई बयानबाज़ी कहा है.

रूस ने ऐसे संकेत देने के प्रयास किए हैं कि ये धमाके रूस विरोधी विद्रोहियों ने किए हैं.

रूस में अधिकारियों ने विस्फोटक पाए जाने की पुष्टि की है और कहा है कि उन्होंने कहा है कि जाँच के आदेश दे दिए गए हैं.

उधर राष्ट्रपति साक्शविली ने बीबीसी के साथ बातचीत में आरोप लगाया कि रूस जॉर्जिया से होकर ग़ुज़रने वाली पाइपलाईनों का नियंत्रण चाहता है.

उन्होंने आरोप लगाया कि स्पष्ट हो गया है कि रूस भरोसे के लायक नहीं और राजनीतिक सौदेबाज़ी मे विश्वास रखता है.

लेकिन उन्होंने इन घटनाओं में रूस का हाथ होने के कोई सीधे प्रमाण नहीं दिए.