शुक्रवार, 20 जनवरी, 2006 को 07:58 GMT तक के समाचार
इसराइल के रक्षा मंत्री शाउल मोफ़ाज़ ने तेल अवीव में गुरूवार को हुए आत्मघाती हमले के लिए ईरान और सीरिया को ज़िम्मेदार ठहराया है.
ग़ौरतलब है कि इसराइली शहर तेल अवीव में गुरूवार को हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और बीस घायल हो गए थे.
फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन इस्लामिक जेहाद ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी.
मोफ़ाज़ ने शुक्रवार को कहा कि इसराइल के पास ऐसे ठोस सबूत हैं कि ईरान में उस हमले के लिए धन मुहैया कराया, हमले की योजना सीरिया में बनाई गई और फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन इस्लामिक जेहाद ने यह हमला किया.
इसराइली रेडियो ने कहा है कि रक्षा मंत्री ने ये सबूत अमरीका, यूरोप और मिस्र के अधिकारियों को भी दिखाए हैं.
ग़ौरतलब है कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब एक सप्ताह बाद ही यानी 25 जनवरी को फ़लस्तीनी प्रशासन के चुनाव होने हैं.
फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने इस हमले की यह कहते हुए निंदा की कि यह चुनावों को नुक़सान पहुँचाने के मक़सद से किया गया.
हमले के स्थान पर मौजूद पुलिस ने कहा है कि इस हमले में सिर्फ़ हमलावर ही मारा गया.