अरबी टीवी चैनल अल जज़ीरा ने एक ऑडियो टेप प्रसारित किया है जो टीवी चैनल के अनुसार अल क़ायदा नेता ओसामा बिन लादेन की आवाज़ में हैं.
ओसामा बिन लादेन की आवाज़ वाले इस टेप में धमकी दी गई है कि अल क़ायदा अमरीका में हमले करने की तैयारी में जुटा है.
लेकिन इसी टेप में अमरीकी लोगों से पेशकश की गई है कि यदि अमरीकी राष्ट्रपति 'मुसलिम' क्षेत्रों से अपनी फ़ौज हटा लेते हैं तो वे 'समझौते' के लिए तैयार हैं.
अमरीकी अधिकारियों ने इस टेप पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
उनका कहना है कि ये स्पष्ट नहीं है कि ये आवाज़ असल में ओसामा बिन लादेन की ही है या फिर ये टेप कब रिकॉर्ड हुआ है.
दिसंबर 2004 के बाद ओसामा की आवाज़ में बताया जाने वाला ये पहला टेप है और ये दूसरा मौका है जब उन्होंने हमले रोकने की बात कही है.
पहली बार ऐसी पेशकश यूरोपीय देशों को वर्ष 2004 में की गई थी.
पिछले महीने अल जज़ीरा ने एक वीडियो प्रसारित किया था जो उसके अनुसार सितंबर में रिकॉर्ड किया गया था और जिसमें अल क़ायदा के नंबर दो के नेता अयमान अल ज़वाहिरी को दिखाया गया था.
उसमें ज़वाहिरी ने कहा था कि ओसामा कि लंबी अनुपस्थिति और उनके अस्वस्थ होने या घायल होने की अटकलें निराधार हैं और वे जीवित हैं.