सोमवार, 16 जनवरी, 2006 को 01:25 GMT तक के समाचार
इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन का एक बार फिर से सफल ऑपरेशन किया गया है जिसके बाद उन्होंने मशीनों की सहायता के बिना ही साँस लेना शुरू कर दिया है.
क़रीब एक पखवाड़ा पहले शेरॉन के दिमाग़ की नस फट गई थी और उसके बाद से वह मशीनों की सहायता से साँस ले पा रहे थे.
चिकित्सकों ने रविवार को कहा कि उन्होंने 77 वर्षीय नेता शेरॉन का ट्रेकियोटोमी किया और ये ऑपरेशन सफल रहा है.
ट्रेकियोटोमी में मरीज़ के गले में छिद्र कर एक नली को श्वासनली में डाला जाता है जिससे वह साँस लेने लगता है.
ये ऑपरेशन उन मरीज़ों पर किया जाता है जिनके दिमाग़ की नस फट जाती है.
शेरॉन यरूशलम के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति स्थिर लेकिन गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों ने कहा कि शेरॉन को वह दवाई देना बंद कर दी गई है जिससे उन्हें अचेतावस्था में रखा जा रहा था लेकिन अभी वह बेहोश ही हैं.
चिकित्सक ये भी प्रयास कर रहे हैं कि शेरॉन को कोमा से बाहर निकाला जाए. पिछले 10 दिन से उन्हें दवाओं के सहारे कोमा में रखा गया है.
अभी तक की जाँच से ये पता चला है कि अरियल शेरॉन के मस्तिष्क के दोनों तरफ़ प्रतिक्रिया हो रही है.
चिकित्सक उनको कोमा से निकालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि ये पता चल सके कि दिमाग़ की नस फटने के बाद उनके शरीर को किस हद तक नुक़सान पहुँचा है.