शनिवार, 14 जनवरी, 2006 को 04:01 GMT तक के समाचार
अफ्रीकी संघ ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान के उस प्रस्ताव का समर्थन किया है जिसमें उन्होंने सूडान के दारफ़ुर क्षेत्र में शांति रक्षा की ज़िम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र से लेने को कहा है.
ग़ौरतलब है कि सूडान सरकार ऐसे प्रस्ताव का विरोध कर रही है. वह चाहती है कि अफ्रीकी संघ की सात हज़ार सैनिकों वाली शांति सेना दारफ़ुर क्षेत्र में मौजूद रहे.
दारफ़ुर क्षेत्र में हत्याएँ और बलात्कार के मामले लगातार हो रहे बताए जाते हैं.
अफ्रीकी संघ के उपाध्यक्ष पैट्रिक मैज़िम्फाका ने बीबीसी से कहा कि सूडान के अधिकारी यह तय नहीं कर सकते कि लगातार चल रहे संघर्ष को रोकने के लिए संघ को क्या करना चाहिए क्योंकि ख़ुद सूडान सरकार ने संघ से मदद माँगी थी.
बीबीसी के अफ्रीका मामलों के संपादक का कहना है कि अफ्रीकी नेता अगर मैज़िम्फाका के प्रस्ताव को समर्थन देते हैं तो यह अफ्रीकी संघ के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव का समय होगा.
अफ्रीकी संघ अभी तक अपने किसी सदस्य देश के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप करने से बचता रहा है.
कोफ़ी अन्नान ने गुरूवार को पेशकश की थी कि दारफ़ुर में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना तैनात की जानी चाहिए जिसके पास अत्याधुनिक हथियार होने के साथ-साथ वायु सेना का समर्थन भी हासिल हो.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को इसी सप्ताह बताया गया था कि दारफ़ुर में मौजूदा शांति रणनीति नाकाम साबित हुई है.