रविवार, 08 जनवरी, 2006 को 12:48 GMT तक के समाचार
ऑस्ट्रेलियाई जल में शार्क मछलियों के एक दल ने एक 21 वर्षीय महिला पर ताबड़तोड़ हमला किया जिससे उस महिला की जान चली गई.
एंबुलेंस कार्यकर्ताओं का कहना है कि शार्कों के एक दल ने उस महिला पर बहुत घातक तरीके से हमला किया जिसमें महिला की दोनों बाँहें कोहनी से नीचे ग़ायब थीं और टांगों में भी गहरे घाव थे.
पुलिस ने संदेह व्यक्त किया है कि यह एक शार्क का काम नहीं है और लगता है कि शार्कों के किसी दल ने यह हमला किया.
जब महिला पर हमला किया गया वह अपने साथियों के साथ तैराकी कर रही थी.
दोस्तों ने ही उसे बाहर निकाला और हेलीकॉप्टर के ज़रिए उसे अस्पताल पहुँचाया गया लेकिन उसका ख़ून बहुत बह चुका था और वह बेहोश हो चुकी थी. उसने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया.
पुलिस का मानना है कि कम से कम तीन बुल शार्कों ने उस महिला पर हमला किया होगा. पुलिस उन शार्कों की तलाश में एक बड़ा अभियान भी छेड़ा है.
बुल शार्कों के बारे में कहा जाता है कि जब वे यौन संबंध बनाते हैं तो बहुत आक्रामक होते हैं और अक्सर इंसानों पर हमला करते हैं.
ऑस्ट्रेलियाई सागर में पिछले पाँच साल में शार्कों के कम से कम दस बेहद ख़तरनाक हमले हो चुके हैं.