http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 06 जनवरी, 2006 को 05:42 GMT तक के समाचार

चीन में गर्मी के बाद अब ठंड का रिकॉर्ड

चीन के उत्तर पश्चिमी हिस्से में तापमान शून्य से 43 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है जिसके कारण ढाई लाख लोग बर्फ़बारी मे फंस गए हैं.

चीन में पिछले 20 सालों में ये सबसे कम तापमान है.

इस क्षेत्र में भारी हिमपात के कारण हज़ारों घर टूट गए हैं.

लेकिन मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ये केवल शुरूआत है और हालत अभी और बिगड़ सकती है.

जिस ज़िनजियांग प्रांत में बर्फ़बारी हो रही है वह पाकिस्तान की सीमा से लगा हुआ है.

लगभग एक लाख लोगों को उनके घर टूटने के बाद सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है.

भारी ठंढ के कारण 5,000 से अधिक लोगों के हाथ-पाँव जम गए हैं जिनका इलाज किया जा रहा है. चार लोगों के अंग काटने पड़े.

चीन में पिछले कुछ समय से मौसम का तेवर असामान्य रूप से बदल रहा है.

पिछले साल चीन में गर्मी ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था.

चीन सरकार ने निजी कंपनियों और अमीर लोगों से ज़रूररतमंदों के लिए दान करने की अपील की है.

सरकार का कहना है कि अभी लगभग एक करोड़ 80 लाख लोग ऐसे हैं जिन्हें मौसम की मार के कारण सहायता की आवश्यकता है.