http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 04 जनवरी, 2006 को 03:35 GMT तक के समाचार

'फ़लस्तीनी चुनाव निर्धारित समय पर हों'

अमरीका का कहना है कि फ़लस्तीनी संसद के लिए इस माह के अंत में होने वाले चुनाव निर्धारित समय पर ही होने चाहिए.

इससे पहले चुनाव प्रचार की शुरुआत के पहले ही दिन इसराइल ने पूर्वी यरूशलम में दो प्रमुख फ़लस्तीनी राजनेताओं को प्रचार से रोक दिया.

उधर फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने कहा कि यदि पूर्वी यरूशलम के फ़लस्तीनी मतदाताओं को वोट नहीं देने दिया गया तो वे चुनाव को टाल देंगे.

अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा है कि पूर्वी यरूशलम में फ़लस्तीनियों को मतदान में भाग लेने देना चाहिए.

पूर्वी यरूशलम में फ़लस्तीनी चुनाव में भाग लेने वाले दो स्वतंत्र उम्मीदवारों - हनान अश्रावी और मुस्तफ़ा बर्गूती को चुनाव प्रचार करने से रोका गया.

इसराइली पुलिस ने कहा कि इसराइली क़ानून के तहत पूर्वी यरूशलम में किसी फ़लस्तीनी राजनैतिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा सकती.

इसराइल ने फ़िलहाल कहा है कि उसने पूर्वी यरूशलम में फ़लस्तीनियों को 25 जनवरी को होनेवाले चुनाव मे वोट डालने पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है.

फ़तह, हमास का चुनाव प्रचार

फ़लस्तीन की सत्ताधारी फ़तह पार्टी ने अपना चुनाव अभियान पार्टी के संस्थापक नेता यासिर अराफ़ात के मक़बरे से शुरू किया.

हमास इस बात पर ज़ोर दे रहा है कि चाहे कुछ हो, चुनाव को नहीं टाला जाना चाहिए.

पर्यवेक्षक मानते हैं कि हमास को अहसास है कि जनता में उसके लिए हमदर्दी है और वह इस चुनाव में फ़तह को टक्कर दे सकता है.

ग़ौरतलब है कि क़रीब दस साल में पहली बार फ़लस्तीनी संसद के सीधे चुनाव 25 जनवरी को होने हैं.