बुधवार, 04 जनवरी, 2006 को 07:04 GMT तक के समाचार
ख़बरों के मुताबिक़ सोमवार को अमरीका की एक खदान में विस्फोट के बाद वहाँ फसे 12 लोग जिंदा पाए गए हैं.
माना जा रहा है कि विस्फोट के समय सभी 12 खनिक खदान के काफ़ी नीचे थे.
खनिकों के रिश्तेदार वेस्ट वर्जीनिया प्रांत के चर्च में इकट्ठा थे. खदान में फसे खनिकों के सुरक्षित होने की ख़बर मिलने के बाद एक व्यक्ति ने चर्च में जाकर सबको ये खुशख़बरी दी.
ख़बर मिलते ही सब लोग एक दूसरे से गले मिले.
लेकिन खनिकों की हालत के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.
टेलीविज़न रिपोर्टों के मुताबिक़ खनिकों को कुछ घंटों के बाद अपने परिवारजनों से मिलवाया जाएगा.
वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर ने पहले कहा था कि खदान में फसे खनिकों को बचा पाना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा.
अधिकारियों ने कहा था कि खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बहुत ज़्यादा है.
खनिकों के पास एक दिन के गुज़ारे लायक पानी और खाना बचा था.
अधिकारियों के मुताबिक़ खनिकों के पास हवा शुद्धीकरण उपकरण थे जो उन्हें सात घंटों तक के लिए साफ़ हवा उपलब्ध करवा सकते हैं.
इससे पहले खदान के पास एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था.
खदान में विस्फोट का कारण पता नहीं चल पाया है.