http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 05 जनवरी, 2006 को 04:58 GMT तक के समाचार

अरियल शेरॉन का ऑपरेशन जारी, स्थिति चिंताजनक

इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन को दिमाग़ की नस फटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

चिकित्सकों ने कई घंटों के ऑपरेशन के बाद बताया है कि शेरॉन की स्थिति अभी भी गंभीर है.

यरुशलम स्थित हदासा अस्पताल में पिछले कई घंटों से उनका ऑपरेशन किया जा रहा है.

चिकित्सकों ने बताया कि 77 वर्षीय नेता के मस्तिष्क में हो रहा रक्तस्राव रूक गया लेकिन अभी दूसरा ऑपरेशन चल रहा है.

अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया है कि ऑपरेशन अभी कई और घंटे तक चलेगा.

शेरॉन अचेत हैं और चिकित्सकों के अनुसार उनके मस्तिष्क में अत्यंत अधिक रक्तस्राव हुआ है ये कोशिश की जा रही है कि उनके दिमाग़ की और नसें ना फटें.

शेरॉन की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके सारे अधिकार आकस्मिक तौर पर उनके कनिष्ठ अधिकारी एहुद ओल्मर्ट को सौंप दिए गए हैं.

उन्होंने आज गुरूवार को अपने मंत्रिमंडल की एक आपात बैठक बुलाई है.

शेरॉन की तबीयत दक्षिणी इसराइल में नेगेव रेगिस्तान में स्थित उनकी आरामगाह पर ख़राब हुई जिसके बाद उनको अस्पताल ले जाया गया.

पहले इसराइली अधिकारियों का कहना था कि उन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर नहीं है.

एक दिन बाद ही, गुरूवार को, उनका दिल का एक सामान्य ऑपरेशन होना था.

दूसरा दौरा

उन्हें पिछले महीने भी पक्षाघात हुआ था जिसके बाद से उनकी चिकित्सा जारी थी.

पिछले महीने डॉक्टरों ने कहा था कि उनके दिल में छेद है और इसी कारण ख़ून के थक्के बन रहे हैं.

डॉक्टरों का कहना था कि शायद इन्हीं थक्कों के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा हो.

इसी सिलसिले में गुरूवार को उनके दिल का ऑपरेशन होना था.

नई पार्टी

अरियल शेरॉन ने पिछले दिनों लिकुड पार्टी छोड़कर एक नई पार्टी बना ली थी.

इसराइल में मार्च में चुनाव होने हैं और ये चुनाव उनके लिए काफ़ी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

शेरॉन वर्ष 2001 से इसराइल के प्रधानमंत्री की गद्दी पर बैठे हुए हैं और वे तीसरी बार भी इस पद के लिए होड़ में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे.

ताज़ा रूझानों के अनुसार उनकी नई पार्टी, कदिमा, अन्य प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रही है.