http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 जनवरी, 2006 को 06:48 GMT तक के समाचार

बुश की इराक़ नीति का समर्थन घटा

अमरीका में हुए एक सर्वेक्षण से संकेत मिले हैं कि अमरीकी सेना के भीतर राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की इराक़ नीति के लिए समर्थन काफ़ी घटा है.

एक पत्रिका 'मिलिटरी टाइम्स' का वार्षिक सर्वेक्षण दिखाता है कि जहाँ एक साल पहले राष्ट्रपति बुश की इराक़ रणनीति के लिए अमरीकी सेना में समर्थन 63 प्रतिशत था, वह अब घट कर 54 प्रतिशत रह गया है.

विश्व घटनाचक्र - 2005

सर्वेक्षण के अनुसार इराक़ में सैन्य गतिविधियों के लिए तो आम जनता के मुक़ाबले में सेना में काफ़ी समर्थन है.

इस सर्वेक्षण के बाद, बुश प्रशासन की इराक़ नीति पर अमरीका मे बहस और तेज़ होने की संभावना है.

राजनीतिक साख़

हाल में राष्ट्रपति बुश की दूसरी चुनावी जीत की पहली वर्षगाँठ मनाते समय पर्यवक्षकों का मानना था कि इस समय उनकी राजनीतिक साख़ सबसे निचले स्तर पर है.

जनमत सर्वेक्षणों में लगातार यह नज़र आया कि अमरीका में ज़्यादातर लोग इराक़ पर राष्ट्रपति के तरीक़े से असहमत हैं.

बीबीसी संवाददाता जेम्स कुमारस्वामी का उस समय कहना था कि राष्ट्रपति बुश के लिए बीता हुआ साल निराशाजनक रहा है.