http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 29 दिसंबर, 2005 को 18:51 GMT तक के समाचार

इराक़ में 12 शिया मुसलमानों की हत्या

अधिकारियों का कहना है कि इराक़ की राजधानी बग़दाद के पास विद्रोहियों ने करीब 12 शिया मुसलमानों की हत्या कर दी है.

माना जा रहा है कि मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. ये लोग सुन्नी बहुल इलाक़े लातिफ़िया में रहते थे जो बग़दाद से करीब 30 किलोमीटर दूर है.

घटना के बारे में अलग अलग ख़बरें मिल रही हैं.

इराक़ी सेना के कैप्टन इब्राहिम अबदुल्ला ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "हमलावर गुरुवार को इन लोगों के घरों में घुस गए. उन्होंने 20 से 40 वर्ष के बीच के 12 पुरुषों को एक वैन में डाला और गोली मार दी."

जबकि रॉयटर्स ने कहा है कि ये घटना एक घर के अंदर हुई और हमलावरों ने 11 लोगों के गले काट दिए.

एएफ़पी के मुताबिक़ 14 लोग मारे गए हैं.

रॉयटर्स के अनुसार पुलिस ने कहा है कि जो लोग मारे गए हैं उन्हें आगाह किया गया था कि वे सुन्नी बहुल इलाक़े से चले जाएँ.

गुरुवार को ही बग़दाद में आंतरिक मंत्रालय के पास एक आत्मघाती हमलावर ने चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक़ हमलावर पुलिस वर्दी पहनकर आया था.