गुरुवार, 29 दिसंबर, 2005 को 08:57 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि बग़दाद में गृह मंत्रालय के क़रीब स्थित एक चुंगी पर एक आत्मघाती हमलावर ने चार पुलिस अधिकारियों को मार दिया है.
इस घटना में कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावर पुलिस की वर्दी पहने हुए था और जब पुलिस की गाड़ियाँ गृह मंत्रालय की इमारत में प्रवेश कर रही थीं, उस समय उसने ख़ुद को बम से उड़ा दिया.
सूत्रों का कहना है कि हमलावर ने विस्फोटक पेटी से अपनी कमर में बाँधे हुए थे.
इराक़ी पुलिस अधिकारियों को अकसर विद्रोहियों का निशाना बनना पड़ता है.
बमबारी
उधर, इराक़ में अमरीकी सेना का कहना है कि दो अमरीकी विमानों ने उत्तरी नगर किरकुक में संदिग्ध विद्रोहियों पर बम गिराए हैं.
एक वक्तव्य में कहा गया है कि विमानचालकों ने तीन लोगों को गड्ढे खोदते हुए देखा और विमान को देखते ही वे भाग खड़े हुए.
अमरीकियों का कहना है कि इन लोगों ने पास के एक गाँव में छिपने की कोशिश की लेकिन विमानचालक उन पर बम गिराने में कामयाब रहे.
वक्तव्य में यह भी कहा गया है कि इस बात का ख़्याल रखा गया था कि आसपास की इमारतों को कम नुक़सान पहुँचे.