इराक़ के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन के ख़िलाफ़ जारी मुक़दमे की सुनवाई दो सप्ताह बाद बुधवार को फिर शुरू हुई जिसमें सद्दाम हुसैन सात अन्य अभियुक्तों के साथ उपस्थित हुए.
सद्दाम हुसैन ने दो सप्ताह पहले अदालत की सुनवाई का बहिष्कार कर दिया था और अदालत में पेश नहीं हुए थे.
सद्दाम हुसैन और उनके सहयोगियों पर दुजैल गाँव में 148 शिया मुसलमानों की हत्या के आरोप में मुक़दमा चल रहा है.
बुधवार को बग़दाद में एक विशेष अदालत में सद्दाम हुसैन शांत बैठे रहे और गवाहों ने 1982 में दुजैल गाँव में हुई घटनाओं का ब्यौरा दिया.
लेकिन गुरुवार को सद्दाम हुसैन ने अमरीका पर गंभीर आरोप लगाए और यहाँ तक कहा कि हिरासत में उनकी पिटाई की गई और उनके शरीर पर इसके निशान भी हैं.