इराक़ के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन ने कथित इराक़ी रासायनिक हथियारों के बारे में अमरीका पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है.
बग़दाद की एक विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान सद्दाम ने कहा, "व्हाइट हाउस वाले झूठे हैं. उन्होंने इराक़ के पास रासायनिक हथियार होने की बात कही थी."
सद्दाम ने अमरीका के इस इनक़ार पर भी सवाल उठाया है कि उनकी पिटाई नहीं की गई.
उल्लेखनीय है कि अमरीका ने बुधवार को सद्दाम हुसैन के इन आरोपों का ज़ोरदार खंडन किया था कि अमरीकी हिरासत में उनकी पिटाई की गई है.
सद्दाम हुसैन ने बुधवार को अदालत में कहा था कि अमरीकी हिरासत के दौरान सुरक्षा गार्डों ने उन्हें प्रताड़ित किया है और पिटाई के निशान उनके शरीर पर देखे जा सकते हैं.
सद्दाम हुसैन और उनके सहयोगियों पर दुजैल गाँव में 148 शिया मुसलमानों की हत्या के आरोप में मुक़दमा चल रहा है.
बुधवार को दो गवाहों ने 1982 में सद्दाम हुसैन पर हुए विफल हमले के बाद इराक़ी लोगों पर हुए कथित अत्याचार की बात बताई.
सुनवाई के दौरान सद्दाम हुसैन ने विद्रोही रुख़ अपनाया हुआ है और उन्होंने यह बात मानने से इनकार किया है कि वह इराक़ के राष्ट्रपति नहीं हैं.