गुरुवार, 22 दिसंबर, 2005 को 23:52 GMT तक के समाचार
लंदन में 21 जुलाई 2005 को नाकाम धमाकों की जाँच कर रही पुलिस ने एक व्यक्ति आदिल याहया पर उन हमलों की साज़िश रचने के आरोप तय किए हैं.
23 वर्षीय आदिल याहया को लंदन के गैटविक हवाई अड्डे पर मंगलवार को उस समय गिरफ़्तार किया गया था जब वह इथियोपियाई शहर अदीस अबाबा से वहाँ पहुँचे थे.
याहया लंदन के उत्तरी हिस्से में रहने वाले हैं और एक छात्र हैं. पुलिस ने गुरूवार को याहया से पूछताछ के लिए समयावधि बढ़ाने के बाद उन्हें गिरफ़्तार किया.
याहया को आतंकवाद निरोधी पुलिस ने आतंकवाद अधिनियम 2000 के तहत गिरफ़्तार किया.
स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस ने कहा कि उनका मानना है कि आदिल याहया जून से ब्रिटेन से बाहर रहे हैं. उन्हें हुसैन उसमान, इब्राहीम मुख़्तार सईद, मनफ़ो ग्वाकू असीदू और यासीन हसन उमर के साथ साज़िश में शामिल होने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.
याहया के आलावा बाक़ी चारों लोगों पर पहले ही आरोप निर्धारित किए जा चुके हैं.
21 जुलाई के नाकाम धमाकों की साज़िश में शामिल होने के आरोप में पहले ही पाँच लोगों के गिरफ़्तार किया जा चुका है.
इनके अलावा दस अन्य लोगों पर धमाकों के संदिग्ध लोगों के बारे में सूचना नहीं देने के आरोप में पकड़ा गया है. उन पर ये भी आरोप हैं कि उन्होंने संदिग्ध लोगों को गिरफ़्तारी से बचने में मदद की.
आतंकवाद अधिनियम के तहत दर्जनों अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई लेकिन उन्हें बिना कोई आरोप लगाए छोड़ दिया गया.