http://www.bbcchindi.com

शेरॉन को अस्पताल से छुट्टी मिली

इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन को अस्तपाल से छुट्टी मिल गई है. दो दिन पहले दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

अस्पताल से निकलने के बाद अरियल शेरॉन ने पत्रकारों को बताया कि बीमारी का उनके काम करने की क्षमता पर असर नहीं पड़ेगा.

उनका कहना था, "मुझे जल्द से जल्द काम पर लौटना है."

डॉक्टरों का कहना है कि अरियल शेरॉन जल्द ही पूरी तरह ठीक हो जाएँगे.

डॉक्टरों के मुतबिक़ दिमाग़ में खून जम जाने से शेरॉन को दिल का दौरा पड़ा.

डॉक्टर तामिर बेन हर ने बताया, “ मैं कह सकता हूँ कि इस दौरे से शेरॉन पर कोई असर नहीं पड़ेगा.”

इसराइल के प्रधानमंत्री ने सोमवार को अस्पताल में ही अपने कर्मचारियों के साथ बैठक की.

येरुशलम पोस्ट के पत्रकार गिल हॉफ़मैन ने कहा है कि अरियल शेरॉन के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी उपलब्ध न होने पर कई लोगों को दिक्कत है.

शेरॉन ने पिछले महीने ही सत्ताधारी लिकुड पार्टी छोड़कर अपनी अलग पार्टी बनाई थी.

उनके पार्टी छोड़ने के बाद लिकुड पार्टी ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू को अपना नेता चुना है.

इसराइल में चुनाव अगले साल मार्च में होने है. सर्वेक्षणों के मुताबिक़ शेरॉन की कदिमा पार्टी आगे चल रही है.