http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 14 दिसंबर, 2005 को 01:00 GMT तक के समाचार

सुरक्षा परिषद से और समय की माँग

रफ़ीक हरीरी हत्याकांड की जाँच कर रहे संयुक्त राष्ट्र जाँचदल के प्रमुख ने कहा है कि जाँच पूरी करने के लिए और समय की ज़रूरत है.

सयुंक्त राष्ट्र का एक दल लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की हत्या की जाँच कर रहा है.

संयुक्त राष्ट्र के जाँचकर्ता देतलेव मेहलिस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से कहा है कि जिस रफ़तार से जाँच चल रही है, उस हिसाब से इसे पूरा करने में एक से दो साल लग सकते हैं.

देतलव मेहलिस ने कहा है कि अब तक की उनकी जाँच से इसी बात को बल मिलता है कि रफ़ीक हरीरी की हत्या में सीरिया और लेबनान के ख़ुफ़िया एजेंसियाँ शामिल थी.

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रफ़ीक हरीरी की हत्या के बारे में आई ताज़ा रिपोर्ट पर चर्चा हो रही है.

देत्लेव मेहलिस ने सुरक्षा परिषद को बताया है कि सीरिया ने जो कुछ कहा या किया है उसमें बहुत अधिक विरोधाभास रहा है.

सीरिया का विरोध

हत्याकांड के बारे में संयुक्त राष्ट्र की ताज़ा रिपोर्ट में सीरिया का नाम आया है. लेकिन सीरिया के राजदूत ने इस रिपोर्ट के निष्कर्ष को मानने से इनकार कर दिया है.

उन्होंने कहा, "सीरिया ने जाँच में सहयोग करने के लिए हर संभव कोशिश की है."

संयुक्त राष्ट्र जाँच रिपोर्ट में सीरिया का हाथ होने के संकेत

रफ़ीक हरीरी इस वर्ष फ़रवरी में लेबनान की राजधानी बेरूत में एक शक्तिशाली कार बम धमाके में मारे गए थे. इस धमाके में 22 अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी.

सीरिया में कई लोगों का मानना है कि हत्याकांड की जाँच राजनीतिक रूप से प्रेरित है. सबसे अधिक आलोचना संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख जाँचकर्ता देतलेव मेहलिस की हो रही है.

यहाँ तक की एक गाना भी बनाया गया है जिसमे देतलेव मेहलिस और इस मामले की जाँच का मज़ाक उड़ाया गया है.

उधर लेबनान ने कहा है कि इस जाँच का दायरा बढ़ाया जाए ताकि लेबनान में हाल में हुई राजनीतिक हत्याओं को भी इस दायरे में लाया जा सके.