रविवार, 11 दिसंबर, 2005 को 17:54 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन की राजधानी लंदन के पास स्थित शहर हेमल हैंपस्टेड रविवार सुबह एक तेल डिपो में लगी आग 15 घंटे बाद भी नहीं बुझाई जा सकी है.
लंदन से लगभग 40 किलोमीट दूर स्थित इस तेल डिपो में रविवार सुबह कई बड़े धमाके हुए. इससे 43 लोग घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर है.
अग्निशमन कर्मचारी इस आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अंधेरा होने तक आग की ऊँची लपटें दिखाई दे रही थीं.
जिस जगह आग लगी है वहाँ से उठता हुआ काले धुएँ का बादल दक्षिण पूर्वी इंग्लैंड की ओर बढ़ रहा है.
इलाक़े के आस-पास स्थित घरों को खाली करा लिया गया है और लगभग 2000 लोग सुरक्षित जगहों पर चले गए हैं.
पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में निवासियों को अपने घरों की खिड़कियाँ और दरवाज़े बंद रखने की सलाह दी है ताकि धुएँ से बचा जा सके.
अधिकारियों के अनुसार उन्हें नहीं लगता कि आग अगले एक दिन से पहले बुझाई जा सकेगी.
अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि ये आग पूरे यूरोप में शांतिकाल में लगी सबसे बड़ी आग हो सकती है.
पुलिस डिपो में विस्फोट और उसके बाद लगी आग की घटना को एक दुर्घटना मानकर चल रही है.
धमाके
बन्सफ़ील्ड तेल डिपो में रविवार सुबर पहला धमाका स्थानीय समय के अनुसार सुबह छह बजकर तीन मिनट पर हुआ.
इसे बाद दूसरा और तीसरा धमाका छह बजकर 26 मिनट और छह बजकर 27 मिनट पर हुआ.
कुल 20 पेट्रोल टैंकों में आग लगी जिनमें से हर टैंक में 30 लाख गैलन ईंधन था.
30 मील के दायरे में रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने धमाके की आवाज़ सुनी.
ये इलाक़ा लुटन हवाईअड्डे से 10 मील की दूरी पर है. लेकिन लुटन हवाईअड्डे पर विमानों का आवागमन सामान्य बताया गया.
मगर लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर उतरनेवाले कुछ विमानों को धुएँ के कारण नीचे आने में देर हुई.
बंसफ़ील्ड तेल डिपो में तेल, पेट्रोल और केरोसिन रखा जाता है और यहाँ से हवाईअड्डों को ईंधन भेजा जाता है जिनमें हीथ्रो और लुटन हवाईअड्डे भी शामिल हैं.
ये तेल डिपो ब्रिटेन का पाँचवा सबसे बड़ा ईंधन वितरण डिपो है जिसे टोटल और टेक्सैको नामक कंपनियाँ मिलकर साझे रूप से चलाती हैं.
रविवार की घटना के बाद कई जगहों पर लोगों में आशंका के कारण तेल ख़रीदने के लिए होड़ लग गई लेकिन पुलिस ने कहा है कि इस घटना से कारण तेल के भंडार में किसी तरह की कोई कमी नहीं आएगी.
प्रत्यक्षदर्शी
विस्फोट के बाद घटनास्थल के निकट पहुँचे बीबीसी संवाददाताओं ने बताया कि आसमान पर धुँआ ही धुँआ छाया हुआ था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई घरों को नुक़सान पहुँचा. कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए तो कुछ के दरवाज़े मुड़ गए
एक प्रत्यक्षदर्शी सैम मैटन ने बताया, "आसमान पर नारंगी रंग छाया हुआ है. आग की लपटें 60 फ़ीट तक पहुँच गई थी. मैं बिस्तर में था और मुझे लगा कि मैं कोई बुरा सपना देख रहा हूँ."
हेमल हैंपस्टेड में रहने वाले डंकन मिलीगन ने बीबीसी को बताया कि वो घटनास्थल से तीन मील की दूरी पर थे लेकिन वे वहाँ से आग की लपटे देख रहे थे.
हताहत ब्यूरो से संपर्क करने के लिए नंबर है- 08000960095
ब्रिटेन के बाहर से फ़ोन करने के लिए नंबर है- 02071580125