http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 दिसंबर, 2005 को 20:44 GMT तक के समाचार

प्रदूषण से हज़ारों की मौत हो सकती है

ईरान में प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि राजधानी तेहरान में वायु प्रदूषण का मौजूदा स्तर बना रहता है तो हज़ारों लोगों की मौत हो सकती है.

तेहरान में प्रदूषण के कारण शहर पर धुंए के बादल छाए हुए हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हज़ारों लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं.

इन लोगों को या तो दिल का दौरा पड़ा है या फिर ये प्रदूषण के कारण सांस लेने में मुश्किलों के कारण अस्पताल में भर्ती हैं.

कई लोगों ने थकावट और सिर में दर्द की शिकायत की है.

सरकारी दफ़्तर और स्कूल बंद कर दिए गए हैं ताकि ट्रैफ़िक के कारण प्रदूषण और न बढ़ जाए.

लेकिन बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इससे स्थिति में कोई परिवर्तन होने के आसार नज़र नहीं आते हैं.

सोमवार से लोग कारों को एक दिन छोड़कर ही तेहरान के भीतर आ पाएँगे.

शहर में हवा नहीं चल रही और बारिश भी नहीं हुई है और आसपास के पहाड़ो के कारण तेहरान के ऊपर प्रदूशित हवा जमा है.