शनिवार, 10 दिसंबर, 2005 को 18:35 GMT तक के समाचार
नाइजीरिया में एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उस पर सवार 110 लोगों में से अधिकतर मारे गए हैं. ये दुर्घटना देश के दक्षिण में स्थित पोर्ट हार्कोर्ट शहर में हुई.
एक रिपोर्ट के अनुसार विमान पर सवार 110 लोगों में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार केवल सात लोग ही बच पाए.
पचास लोगों के शव विमान से निकाले जा चुके हैं.
एक निजि विमान सेवा का ये विमान राजधानी अबूजा से यात्रियों को लेकर पोर्ट हार्कोर्ट शहर पहुँचा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना तब हुई जब तूफ़ान के दौरान हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश में विमान रनवे से आगे चला गया और फिर उसमें आग लग गई.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि कुछ लोगों को विमान से उतरकर भागते हुए देखा गया. दुर्घटना के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है.
महत्वपूर्ण है कि लगभग दो महीने पहले नाइजीरिया में हुई विमान दुर्घटना में सौ से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
उस दुर्घटना के बाद विमान के फ़्लाइट रिकॉर्डर नहीं मिल पाए थे.