शुक्रवार, 09 दिसंबर, 2005 को 10:32 GMT तक के समाचार
रूस और पश्चिमी यूरोप को बाल्टिक सागर से होकर जोड़ने वाली एक विवादित गैस पाइप लाइन पर शुक्रवार से काम शुरू हो गया है.
1200 किलोमीटर लंबी इस गैस पाइप लाइन के पूरा होने पर जर्मनी और अन्य पश्चिमी यूरोपीय देशों को रुस से गैस मिलेगी. संभावना है कि वर्ष 2010 तक ये परियोजना पूरी जाएगी.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि रूस को ऊर्जा के क्षेत्र में सुपर पॉवर बनाने के लिए यह राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन की रणनीति का अहम हिस्सा है.
लेकिन इस पाइपलाइन को लेकर विवाद भी है. पोलैंड और यूक्रेन को आशंका है कि इससे उनकी ऊर्जा ज़रूरतों पर विपरीत असर पड़ सकता है.
विवाद
दरअसल इस समय इन दोनों देशों को रूस की ओर से सस्ते दर पर गैस मिलता हैं क्योंकि पश्चिमी देशों को रूस से मिलने वाली गैस इन देशों से होकर ही मिलती है.
लेकिन इस परियोजना के पूरा होने पर ये दोनों देश इससे कट जाएँगे.
पाँच अरब डॉलर की इस परियोजना पर इस साल सितंबर में जर्मन चांसलर गेरहार्ड श्रोएडर के सत्ता गँवाने के ठीक पहले सहमति हुई थी.
पश्चिमी यूरोप की गैस ज़रूरतों का एक चौथाई हिस्सा रूस आपूर्ति करता है. अपने सीमित संसाधनों के कारण इस मामले में जर्मनी की निर्भरता तो और भी ज़्यादा है.