http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 08 दिसंबर, 2005 को 09:33 GMT तक के समाचार

गुप्त जेलों के मामले पर राइस का भरोसा

अधिकारियों ने कहा है कि यूरोपीय संघ के मंत्री अमरीकी विदेश मंत्री विदेशों में सीआईए की कथित गुप्त जेलों के मामले पर कोंडोलीज़ा राइस के इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट हो गए हैं.

यूरोपीय मंत्रियों ने गुरूवार को ब्रसेल्स में होने वाली नैटो बैठक से पहले कोंडोलीज़ा राइस से मुलाक़ात की.

डॉक्टर राइस ने बुधवार को कहा था कि अमरीकी जाँचकर्ताओं पर भी देश या विदेश में यातना के साधनों का इस्तेमाल करने पर पाबंदी है यानी वे भी प्रताड़ना मामले पर अंतरराष्ट्रीय संधि के दायरे में आते हैं.

अमरीकी कांग्रेस के जिन सदस्यों ने इस मामले में अभियान चलाया था उनका कहना है कि यह एक काफ़ी बड़ी रियायत है लेकिन व्हाइट हाउस ने कहा है कि नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

नैटो और यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने कहा है कि डॉक्टर राइस ने उन्हें बुधवार को एक गोपनीय बैठक में भरोसा दिलाया है कि अमरीका ने अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून की व्याख्या अपने सहयोगी देशों के लिए अलग तरह से नहीं की है.

जर्मनी के विदेश मंत्री फ्रेंक वॉकर स्टीनमीयर ने कहा, "यह बैठक हम सभी के लिए बहुत संतोषजनक रही."

नीदरलैंड के विदेश मंत्री बेन बॉट उन लोगों में से एक थे जो इस मुद्दे पर बहुत चिंतित थे. उन्होंने कहा कि "वह बहुत संतुष्ट हैं."