http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 08 दिसंबर, 2005 को 09:47 GMT तक के समाचार

इराक़ में धमाका, 30 की मौत

इराक़ में पुलिस ने कहा है कि राजधानी बग़दाद में गुरूवार को सुबह एक बस में हुए धमाके में कम से कम तीस लोगों की मौत हो गई.

जिस समय बस में विस्फोट हुए तब वह अल नहदा शहर से दक्षिण की तरफ़ शिया शहर नसीरिया के लिए रवाना हुई थी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि विस्फोट से बस में से आग की ऊँची लपटें उठनी लगीं और वह जलकर राख हो गई.

धमाके में 25 लोग घायल भी बताए गए हैं.

धमाके से आसपास की कुछ दुकानें भी प्रभावित हुई हैं.

इराक़ में 15 दिसंबर को चुनाव होने वाले हैं और उन्हें देखते हुए हाल के दिनों में अमरीका विरोधी विद्रोहियों की हिंसा में तेज़ी आई है.

सद्दाम हुसैन के शासन के ख़ात्मे के बाद यह इराक़ की संसद के लिए पहला चुनाव होगा.

चार महीने पहले एक तीन कारों के ज़रिए किए गए बम विस्फोटों में 43 लोगों की मौत हो गई थी और 90 से ज़्यादा घायल हुए थे.

इसी सप्ताह सोमावर को बग़दाद की पुलिस अकादमी में हुए दो आत्मघाती हमलों में कम से कम 36 लोग मारे गए थे.