बुधवार, 07 दिसंबर, 2005 को 02:36 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में चुनाव की प्रभारी एक वरिष्ठ अधिकारी कैरीना पेरेली को बर्ख़ास्त कर दिया है.
संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र चुनाव इकाई की प्रभारी पेरेली को तत्काल प्रभाव से हटाया जा रहा है. उनके ख़िलाफ़ अपने अधिकारों का ग़लत इस्तेमाल करने और उत्पीड़न के आरोप हैं.
पेरेली ने इन आरोपों से इनकार किया है और उम्मीद है कि वे इसके ख़िलाफ़ अपील भी कर सकती हैं. इराक़ में नए संविधान को मंज़ूरी मिलने के बाद कुछ दिनों के अंदर चुनाव होने हैं.
संयुक्त राष्ट्र स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि उरुग्वे की रहने वाली पेरेली को अपने काम के कारण काफ़ी प्रशंसा मिली है और संयुक्त राष्ट्र में उन्हें काफ़ी सम्मान प्राप्त था.
सराहना
अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने भी अफ़ग़ानिस्तान और इराक़ में चुनाव कराने के लिए उनकी प्रशंसा की थी.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान के प्रवक्ता ने बताया कि पेरेली को अपने अधिकारों का ग़लत इस्तेमाल करने और कर्मचारियों के यौन उत्पीड़न के कारण हटाया गया है.
संयुक्त राष्ट्र ने पेरेली के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जाँच के लिए एक स्विस कंपनी की सेवा ली. स्विस कंपनी ने कर्मचारियों से बातचीत करने के बाद अपनी रिपोर्ट में कहा कि कर्मचारियों के साथ बदसलूकी होती थी.
कंपनी का कहना है कि पेरेली के कारण कार्यालय में ऐसा माहौल हो गया था जिसमें सेक्स से जुड़ी टिप्पणियाँ होती थी और पक्षपात का बोलबाला था.
कंपनी की रिपोर्ट के बाद संयुक्त राष्ट्र के मानव संसाधन कार्यालय ने भी कर्मचारियों से बातचीत की और उनकी रिपोर्ट के बाद ही पेरेली को हटाने का फ़ैसला किया गया.
अगस्त में ही संयुक्त राष्ट्र ने औपचारिक रूप से पेरेली पर अपने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए थे लेकिन अफ़ग़ानिस्तान में चुनाव और इराक़ में जनमतसंग्रह के कारण वे व्यस्त थीं.