http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 06 दिसंबर, 2005 को 09:18 GMT तक के समाचार

इसराइल सैनिकों का तलाशी अभियान

फ़लस्तीनी पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इसराइली सैनिकों ने एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर की तलाश में कुछ घरों की तलाशा ली है.

ग़ौरतलब है कि इसराइली शहर नेतन्या में सोमवार को हुए आत्मघाती बम धमाके पाँच लोग मारे गए थे और 40 से अधिक लोग घायल हुए थे.

नेतन्या के शेरॉन शॉपिंग सेंटर में हुए धमाके की दो फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट इस्लामिक जेहाद ने ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी.

इस्लामिक जेहाद ने कहा था कि उसने यह हमला इसराइली सैनिकों की उस कार्रवाई का बदला लेने के लिए किया गया जिसमें जेहाद के अनेक कार्यकर्ता मारे गए थे.

फ़लस्तीनी पुलिस ने कहा है कि मंगलवार को इसराइली सैनिकों ने पश्चिमी तट के शहर तुलकरम के नज़दीक चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान अनेक लोगों को गिरफ़्तार भी किया है.

हालाँकि इस तलाशी अभियान के बारे में इसराइलियों की तरफ़ से कोई बयान नहीं आया है.

इस बीच इसराइली रेडियो ने रक्षा मंत्री शाउल मोफ़ाज़ के हवाले से कहा है कि उन्होंने सेना को इस्लामिक जेहाद के कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए हरी झंडी दिखा दी है.