मंगलवार, 06 दिसंबर, 2005 को 17:37 GMT तक के समाचार
ईरान की राजधानी तेहरान में एक सैनिक विमान के एक 10 मंज़िला इमारत से टकराने से 128 लोग मारे गए हैं.
ये दुर्घटना तब हुई जब ये विमान आपातकालीन उपाय से एक हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास कर रहा था.
इसी दौरान विमान तेहरान के याफ़्ताबाद इलाक़े में एक 10 मंज़िला इमारत से टकराया जिससे बड़ा धमाका हुआ और आग लग गई.
ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि इस विमान में सवार 94 यात्रियों के अतिरिक्त चालक दल के सभी सदस्य मारे गए हैं.
लगभग 90 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें अधिकतर लोग जलने के कारण घायल हो गए हैं.
ईरान के सरकारी टीवी चैनल का कहना है कि सी130 विमान में उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद तकनीकी ख़राबी आ गई थी.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने विमान को इमारत से टकराने से ठीक पहले देखा था, "मुझे लगा कि यह विमान तो बिल्डिंग से टकराने वाला है तभी वह सचमुच टकरा गया."
इमारत तेहरान से बंदरअब्बास जा रहा था, यह ईरानी सेना का विमान था और उसमें कई पत्रकार और फ़ोटोग्राफ़र सवार थे जिन्हें सेना के अधिकारी सैनिक अभ्यास दिखाने ले जा रहे थे.
ईरानी वायु सेना के पास काफ़ी पुराने सी-130 विमान हैं जिनमें से कुछ तो 25 वर्ष से भी अधिक पुरानी हैं.
हवाई सुरक्षा के मामले में ईरान का रिकॉर्ड दुनिया के बाक़ी देशों के मुकाबले ख़राब रहा है और वहाँ काफ़ी विमान दुर्घटनाएँ होती रहती हैं.
लेकिन ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी प्रतिबंध की वजह से उन्हें विमानों के कलपुर्ज़े नहीं मिलते हैं.
1979 में ईरान में इस्लामी क्रांति के बाद से ईरान के लिए अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सहायता हासिल करना काफ़ी कठिन रहा है.